Dumka

Feb 25 2024, 12:57

दुमका : झारखण्ड ने अपनाया FDR तकनीक, काठीकुंड से हुई शुरुआत, पर्यावरण के संरक्षण का दावा..पढ़िए StreetBuzz पर खास रिपोर्ट...


दुमका : प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत अब झारखण्ड में एफडीआर यानी फुल डेप्थ रेक्लेमेशन तकनीक से सड़के बनेंगी। झारखण्ड में पहली बार इस तकनीक का ट्रायल दुमका के नक्सल प्रभावित इलाका काठीकुण्ड में किया गया। काठीकुंड के शिवतल्ला से तिलाईटांढ़ भाया नारगंज तक करीब 12 किलोमीटर ग्रामीण सड़क का निर्माण एफडीआर तकनीक से किया जा रहा है। झारखण्ड में करीब 148 ग्रामीण सड़कों के निर्माण में एफडीआर तकनीक को अपनाएं जाने की योजना है। 

ग्रामीण विकास विभाग का दावा है कि यह तकनीक पूरी तरह से पर्यावरण के अनुकूल है। एफडीआर तकनीक से बननेवाली सड़कों में पत्थरों का दोहन नहीं होगा और पर्यावरण का संरक्षण होगा।

विभाग के एसई एवं नोडल ऑफिसर सुबोध पासवान ने कहा कि एफडीआर तकनीक से बननेवाली सड़कों में 15 से 20 प्रतिशत तक रूपये की बचत है जिससे सड़क निर्माणमे लागत कम पड़ती है और इसकी मियाद भी करीब 20 वर्षो की है। कहा कि इस तकनीक में भी नवनिर्मित सड़क की पांच वर्ष तक मरम्मत की जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी या फर्म की होती है। 

कहा कि प्रथम चरण में एफडीआर तकनीक से दुमका सहित रांची, साहेबगंज, गोड्डा, गिरिडीह, खूंटी, पलामू और गढ़वा में ग्रामीण सड़कों का निर्माण होगा। इन जिलों में निर्माण से संबंधित मैटेरियल दूर से लाना पड़ता है जिससे लीड बढ़ती है और इसकी वजह से डीपीआर बढ़ जाता था। इसलिए इन जिलों में एफडीआर तकनीक से 148 सड़कों की निर्माण की योजना स्वीकृति किया गया है।

कार्यपालक अभियंता सुशील कुमार सिन्हा ने कहा कि दुमका के काठीकुंड के शिवतल्ला से तिलाईटांढ़ भाया नारगंज तक करीब 10 करोड़ रूपये की लागत से 12 किलोमीटर ग्रामीण सड़क के निर्माण में एफडीआर टेक्नोलोजी को अपनाया जा रहा है। इस तकनीक में अत्याधुनिक मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। 

खास बात यह है कि अत्याधुनिक मशीनों से पुरानी सड़क में इस्तेमाल की गयी पत्थर और अन्य मटेरियल को निकालकर उसे सीमेंट और खास केमिकल के साथ मिलाकर नयी सड़क का निर्माण किया जाएगा। कहा कि फिलहाल 200 मीटर तक एफडीआर टेक्नोलोजी से सड़क का निर्माण कर ट्रायल किया जा रहा है। उसके बाद तकनीकी जाँच में सफलता मिलने के बाद इसी तकनीक से पूरी सड़क का निर्माण किया जाएगा।

दुमका में एफडीआर टेक्नोलोजी से बन रही सड़क निर्माण से जुड़ी एजेंसी हरिनंदन चौधरी ने इसे चुनौती के तौर पर लिया। 

हरिनंदन चौधरी ने कहा कि उन्हें जब इस टेक्नोलोजी की जानकारी हुई तो उन्होंने इस नयी तकनीक पर सड़क निर्माण का मन बनाया जो काफी चुनौतीपूर्ण है लेकिन उम्मीद है कि उनकी एजेंसी बेहतर नतीजे देगी। 

गौरतलब है कि काठीकुण्ड में एफडीआर तकनीकी से सड़क निर्माण का कार्य ट्रांसलिंक इंफ्रास्ट्रक्चर कंसलटेंट प्राइवेट लिमिटेड के टीम लीडर सौरभ पांडेय और उनकी टीम के नेतृत्व में कराया जा रहा है। सौरभ पांडेय के मुताबिक गुजरात की ट्रांसलिंक इंफ्रास्ट्रक्चर कंसलटेंट कंपनी ने देश में यह तकनीक लेकर आयी और इस तकनीक से उत्तर प्रदेश में सड़क निर्माण में मिली सफलता के बाद झारखण्ड में अब इस तकनीक का प्रयोग कर निर्माण कार्य किया जा रहा है। इससे यहाँ की प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण होगा।

इससे पूर्व सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। मौके पर ग्रामीण विकास विभाग के विभिन्न जिलों के अभियंता, बिटकेम के सीनियर एसोसिएट मनोज गुप्ता सहित अन्य कर्मी एवं संबंधित एजेंसी के कर्मी मौजूद थे।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Feb 24 2024, 20:53

दुमका : पूर्व सीएम की रिहाई के लिए यज्ञ व हवन का आयोजन, निकाला गया न्याय मार्च

दुमका: झारखण्ड में कथित जमीन घोटाला में जेल में बंद पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की रिहाई के लिए झामुमो ने शनिवार को ईश्वर को याद कर हवन का आयोजन किया।

 पार्टी कार्यकर्ता पूर्व सीएम श्री सोरेन को न्याय दिलाने के लिए सड़कों पर भी उतरे और जगह जगह पर न्याय मार्च निकाला।

झामुमो के दुमका नगर प्रभारी रवि यादव के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओ ने शनिवार को धर्मस्थान मंदिर परिसर में यज्ञ और हवन का आयोजन किया और पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की जल्द रिहाई की ईश्वर से कामना की। 

नगर प्रभारी रवि यादव ने कहा कि पूर्व सीएम हेमंत सोरेन के साथ अन्याय हुआ है, उन्हे तत्काल जेल से रिहा किया जाए। कहा कि केंद्र सरकार ने केंद्रीय जाँच एजेंसी का दुरूपयोग कर हेमंत सोरेन को प्रताड़ित किया और जबरन झूठा मुकदमा मे फंसाया है जिसे राज्य की जनता कभी बर्दाश्त नही करेंगी।

मौके पर शिवेंदु चक्रवर्ती, पराक्रम शर्मा, आदित्य श्रीवास्तव, शान सिंह राजपूत, चंदन भुवानियां, मनोज रजक, कुणाल राज, अनमोल राम, कृष्णा देवी, इंदु चौबे, गीता देवी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

इधर सिदो कान्हू पोखरा चौक से झामुमो नगर प्रभारी रवि यादव के नेतृत्व में न्याय मार्च निकाली गई। 

मौके पर शिवेंदु चक्रवर्ती, पराक्रम शर्मा, सुमंत यादव, सिकंदर बख्श, मो आरीफ, आदित्य श्रीवास्तव, शान सिंह राजपूत, कुणाल राज, मेहबूब सरकार, अनमोल राम, कुणाल गुप्ता, चंदन भुवानिया, राजीव हेतमपुरिया, राजू, मनोज रजक, मधु अली खान, मो नौशाद, मो पप्पु, रंजीत शाह, इंदु चौबे, कृष्णा देवी, नसीबा शाहीन, गीता देवी सहित समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Feb 23 2024, 21:23

दुमका : कई यादगार पलों के साथ हिजला मेला संपन्न, मेला में रची बसी है संप की संस्कृति - डीडीसी


दुमका : दुमका में आठ दिनों तक चली ऐतिहासिक राजकीय जनजातीय हिजला मेला महोत्सव कई यादगार पलों को समेटने के साथ ही शुक्रवार को समाप्त हो गया।

मेला का समापन सांस्कृतिक कार्यक्रम, आतिशबाजी, घड़ा उतार प्रतियोगिता के साथ हुआ। दुमका के उप विकास आयुक्त अभिजीत सिन्हा ने कहा कि मेला में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी से कमोबेश यह प्रतीत हुआ कि हिजला सबके हृदय में जीता है। 

उन्होंने कहा कि राजकीय जनजातीय हिजला मेला के सफल आयोजन में जनसहयोग की भूमिका महत्वपूर्ण है। हिजला मेला यहां की संस्कृति की परिचायक है। यह मेला यहां की संस्कृति यहां की आत्मा को संजोए रखने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जिस परिकल्पना के साथ 1890 में इस मेले की शुरुआत की गई थी उसे आज तक बरकरार रखा गया है। यह मेला आदिवासी जीवन शैली यहां की संस्कृति को प्रस्तुत करता है।

 यहां की संस्कृति को मंच प्रदान करने का कार्य यह मेला करता है। उप विकास आयुक्त ने कहा कि मेले के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई थी।आमजनों को परेशानी नहीं हो इसे लेकर सुरक्षा के मानकों का विशेष ध्यान रखा गया।कहा कि आने वाले वर्षों में इस मेले को और भी भव्य रूप से आयोजन किया जाएगा। अनुमंडल पदाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि हिजला मेला में संथाल परगना के संस्कृति की झलक देखने को मिलती है।इस मेले के सफल आयोजन के लिए सभी समिति, पदाधिकारी, कलाकारों एवं स्थानीय लोगों को धन्यवाद-आभार। 

कहा कि इस मेले की ख्याति देश विदेश तक जाए इसके लिए आने वाले वर्षों में और भी भव्य रूप से आयोजन किया जाएगा। मेला में सरकार के कल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल भी लगाए गए थे जिससे लोगों को योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने में आसानी हो रही थी। कहा कि अगले वर्ष एक नयी ऊर्जा के साथ इस मेला का आयोजन और भी भव्य तरीके से किया जाएगा। इस दौरान कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय जरमुंडी, जामा, मसलिया, काठीकुंड द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति की गई। मानभूम सांस्कृतिक समिति सरायकेला द्वारा पाईका नृत्य की प्रस्तुति दी गयी। रजत आनंद द्वारा भी सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति की गयी।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में महिला वर्ग में आदिवासी अखाड़ा-मालभंडारो, अंगिता सोरेन ग्रुप-काठीकुंड, जोहन टुडू-बसमत्ता क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहे। पुरुष वर्ग में आयनेश टुडू ग्रुप-मसलिया, रामजीत टुडू ग्रुप-बाँसकुली रानेश्वर, देवेश चंद्र हेम्ब्रम जगदीशपुर रानेश्वर क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहे।

घड़ा उतार प्रतियोगिता में चांदो पानी दुमका की टीम ने पहले ही प्रयास में घड़ा उतार कर पहला स्थान प्राप्त किया।

समापन समारोह में अतिथियों द्वारा हिजला मेला से संबंधित स्मारिका का विमोचन किया गया साथ ही इस दौरान डॉ धुनि सोरेन द्वारा लिखी पुस्तक "इंग्लैंड में एक संताल ग्रामीण की एक अप्रत्याशित कहानी" का भी विमोचन किया गया।

इससे पूर्व पारंपरिक रीति रिवाज से अतिथियों का स्वागत किया गया।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Feb 23 2024, 19:47

दुमका : भाजपा का लाभार्थीसम्पर्क अभियान कार्यशाला,कार्यकर्ताओं के दम पर चुनाव जीतने का संकल्प


दुमका : भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सह लाभार्थी सम्पर्क अभियान के प्रदेश संयोजक राकेश प्रसाद ने कहा कि कार्यकर्ताओं के दम पर ही पार्टी लोकसभा चुनाव जीत सकती हैं। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश लेकर एक मार्च से चार मार्च तक कार्यकर्ता सभी लाभार्थी के पास पहुचेंगे। लोकसभा चुनाव के आगाज में कुछ ही दिन बाकी है।

प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद शुक्रवार को पार्टी के दुमका लोकसभा प्रधान चुनाव कार्यालय में आयोजित लाभार्थी सम्पर्क अभियान कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। कार्यशाला की अध्यक्षता पार्टी जिलाध्यक्ष गौरव कांत की। राकेश प्रसाद ने कहा कि बड़ा लक्ष्य प्राप्त करने के लिए एक-एक कार्यकर्ता को तैयार रहना होगा। 

सभी कार्यकर्ताओ को जीत सुनिश्चित के लिए संकल्प लेना होगा। कहा कि अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पूरे देश में माहौल बदल रहा है। दुमका लोकसभा लाभार्थी संपर्क अभियान के तहत छह विधानसभा के 34 मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं को घर घर पहुंचकर केंद्र की योजनाओं के बारे में लोगों को बताना है।

दुमका सांसद सुनील सोरेन ने कहा कि करीब सभी घरों में केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थी है। हमे उनसे संपर्क करने की आवश्यकता है।

सारठ विधायक रणधीर सिंह ने कहा कि गांव गांव जाकर प्रधानमंत्री के संदेश को ईमानदारी से लाभार्थी तक पहुँचाना होगा। प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ लुईस मरांडी ने कहा कि दुमका लोकसभा में पुनः कमल खिलाना है। इसलिए सभी कार्यकर्ता अभी से लग जाय। कार्यशाला को अभियान के प्रदेश सह संयोजिका शोभा यादव, प्रदेश मंत्री रविकांत मिश्रा, लोकसभा सह संयोजक निवास मंडल , दुमका संगठन प्रभारी संजीव जजवाड़े, जामताड़ा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन सोमनाथ सिंह ने किया। मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष पारितोष सोरेन, सुरेश मुर्मू, जामताड़ा जिलापरिषद अध्यक्ष राधारानी सोरेन, लाभार्थी सम्पर्क अभियान के संयोजक सोमनाथ सिंह, सहसंयोजक जिला उपाध्यक्ष बबलु मंडल, मनोज पांडेय, आभा आर्या, विवेकानंद राय, दीपक स्वर्णकार, राम नारायण भगत, धर्मेंद्र सिंह, जवाहर मिश्रा, कामेश्वर गुप्ता, बीरेंद्र मंडल, संतन मिश्रा, रूपेश मंडल, पिंटू साह, बिमल मरांडी, नीतू झा, श्रीधर दास, मितेश साह, अभय सिंह, अंजुला मुर्मू, सोनी हेम्ब्रम, दीपक सिंह, मार्शल ऋषिराज टुडू, गोपीनाथ दत्ता, नलिन मंडल सहित अभियान के मंडल अध्यक्ष, मंडल संयोजक सह संयोजक सहित अन्य मौजूद थे। 

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Feb 21 2024, 21:22

दुमका : हिजला मेला में फैशन शो का आयोजन, रैम्प पर प्रतिभागियों ने बिखेरा जलवा, देखिए तस्वीरें



  


दुमका : राजकीय जनजातीय हिजला मेला में बुधवार को आयोजित फैशन शो में आदिवासी युवक-युवतियों ने रैंप पर अपना जलवा दिखाया। फैशन शो में करीब 70 आदिवासी युवक-युवतियों ने भाग लिया। पारम्परिक वेशभूषा के साथ प्रतिभागियों ने रैंप वाक किया।

हिजला मेला में पिछले कई वर्षो से जनजातीय फैशन शो का आयेाजन होता रहा है। संताली परिधान पंची-परहान में सजे संताली युवतियां रैंप में शामिल हुई। युवतियों के साथ ही युवकों ने भी फैशन शो में भाग लिया।

 फैशन शो को देखने के लिए हिजला मेला में दर्शकों की भारी भीड़ जुटी थी। फैशन शो में भाग ले रहे युवाओं का हौसला अफजाई के लिए मंच पर संताली के कई प्रसिद्ध कलाकार भी मौजूद थे।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Feb 21 2024, 14:11

Breaking दुमका : एसीबी ने घूस लेते जरमुंडी थाना के एएसआई को किया गिरफ्तार, बिचौलिया भी धराया


दुमका : जरमुंडी थाना क्षेत्र के एक एएसआई राजकुमार सिंह को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार किया है. इस मामले में एएसआई के एक सहयोगी स्वरूप सिन्हा को भी एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने गिरफ्तार किया है. 

इनके विरुद्ध एंटी करप्शन ब्यूरो के दुमका स्थित प्रमंडलीय कार्यालय में एक पीड़ित शख्स गरडी के अभिषेक कुमार ने शिकायत की थी। एसीबी के एसपी कैलाश करमाली ने ट्रैपिंग की पुष्टि की है.

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Feb 21 2024, 09:54

दुमका : शिकारीपाड़ा में प्रस्तावित कोल ब्लॉक के खिलाफ ग्रामीणों का मुखर होता आंदोलन, अब अधिकारियों के प्रवेश पर भी आफत

दुमका : जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के भिलाईटांड, डिंबादाहा, लताकांदर समेत कई गांवो में प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस की 'एंट्री' अब आसान नहीं होगी। इन गांवो में एंट्री से पहले प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को संबंधित गाँव के ग्राम प्रधान एवं मुखिया को सूचना देनी होगी चाहे अधिकारी सरकारी काम के सिलसिले में या फिर किसी अन्य काम के गाँव जाना चाहते हो।

दरअसल शिकारीपाड़ा में प्रस्तावित कोल ब्लॉक और कोल डंपिंग यार्ड के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा और आंदोलन मुखर होता जा रहा है और ग्रामीणों के आक्रोश का इस बात से ही सहज अंदाजा लगाया जा है कि गाँव में डुगडुगी बजते ही कुछ ही समय में ग्रामीणों की भीड़ तय स्थल पर जुट जाती है। 

मंगलवार को शिकारीपाड़ा के लताकांदर, भिलाईटांड समेत अन्य गांवो में आंगनबाडी केंद्र का निरीक्षण और अन्य विकास योजनाओं का जायजा लेने पहुंची प्रशिक्षु आइएएस प्रांजल ढाढा, शिकारीपाड़ा के अंचल अधिकारी कपिलदेव ठाकुर और थाना प्रभारी गणेश पासवान को ग्रामीणों के कोपभाजन का शिकार होना पड़ा और प्रस्तावित कोल ब्लॉक और कोल डंपिंग यार्ड का विरोध कर रहे ग्रामीणों ने अधिकारियों को गाँव में उस वक्त तक बैठाये रखा जब तक एक लिखित करार नहीं हुआ। प्रशासन और ग्रामीणों के बीच लिखित करार का ही यह पार्ट है कि बिना ग्रामसभा की सहमति और ग्राम प्रधान को सूचना दिए बिना गाँव में किसी भी व्यक्ति चाहे वो अधिकारी हो या पुलिस किसी की प्रवेश की इजाजत नहीं होगी। 

अधिकारियों और पुलिस को संबंधित गाँव में ग्रामीणों द्वारा रोक कर रखे जाने की सूचना मिलने के बाद हड़कंप सा मच गया। पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार शिकारीपाड़ा थाना में मौजूद रहकर पल पल की सूचना लेकर जरुरी दिशा निर्देश रहे थे तो वहीं एसडीओ कौशल कुमार, डीएसपी इकुड डूंगडूंग, एसडीपीओ विजय महतो एवं बीडीओ एजाज अहमद दल बल के साथ गाँव पहुँचे। अधिकारियों द्वारा काफी समझाने-बुझाने और एक लिखित करार के बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ और फिर सुरक्षित सभी अधिकारी शिकारीपाड़ा थाना पहुँचे। नाम नहीं छापने के शर्त पर एक अधिकारी ने बताया कि गाँव में अधिकारी आँगनबाड़ी केंद्र और अन्य विकास योजनाओं का जायजा लेने गये थे। आँगनबाड़ी केंद्र में बच्चों से अधिकारी मिले भी और बात भी की। जब दूसरे गाँव का अधिकारी रुख करने लगे तो रास्ते में ग्रामीणों ने रोक लिया। ग्रामीणों को कुछ दूसरी आशंका थी और गलतफहमी में ही अधिकारियों को रोककर रखा लेकिन बाद में समझाने बुझाने के बाद ग्रामीण मान गये।

गौरतलब है कि बीते दिनों शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के गंधर्वपुर गाँव में प्रस्तावित कोल ब्लॉक का सर्वे करने गई पांच सदस्यीय टीम को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया था और एक लिखित करार के बाद ही टीम को छोड़ा था।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Feb 19 2024, 19:20

दुमका : जयंती पर याद किये गये छत्रपति शिवाजी


 

दुमका : छत्रपति शिवाजी महाराज के अवतरण दिवस पर सोमवार को सरदार पटेल चौक पर पटेल सेवा संघ और सिविल सोसायटी द्वारा माल्यार्पण व श्रद्धासुमन अर्पण किया गया। 

कार्यक्रम का नेतृत्व सचिव संदीप कुमार जय बमबम ने किया। 

मौके पर राधेश्याम वर्मा, प्रेम केशरी, डॉ०शंभु कुमार सिंह, जितेन्द्र साह, बिनोद सिंह, रघुनंदन चौधरी, संदीप कुमार, रविकान्त राऊत, विक्रम कुमार, रविकांत साह आदि उपस्थित थे।  

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Feb 19 2024, 17:00

दुमका:मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना,20 फरवरी से स्पेशल कैम्प,50 वर्ष से ऊपर की महिला व पुरुष कर सकते है आवेदन


दुमका :- मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ अब 50 वर्ष से ऊपर की महिला और पुरुष भी उठा सकते है। लाभुकों की उम्र सीमा 60 वर्ष से घटाकर 50 वर्ष कर दी गयी है। इस पेंशन योजना के अन्तर्गत राज्य की महिला तथा अनुसूचित जनजाति (ST) एवं अनुसूचित जाति (SC) वर्ग के 50-60 वर्ष आयुवर्ग के पुरुषो को मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ दिया जाएगा।

योजना का लाभ अधिक से अधिक लाभुकों तक पहुंचाने के लिए 20 फरवरी से 22 फरवरी तक दुमका जिले के सभी प्रखंड के सभी पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों के वार्डों में शिविर लगाकर आवेदन पत्र लिया जाएगा।

उपायुक्त आंजनेयुलु दोड्डे ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। उपायुक्त ए0 दोड्डे ने कहा कि मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना में पेंशन लाभुकों की उम्र सीमा 60 वर्ष से घटाकर 50 वर्ष की गई है। 

अनुसूचित जनजाति (ST) एवं अनुसूचित जाति (SC) वर्ग के 50-60 वर्ष आयुवर्ग के पुरुषों के लिए आवेदन पत्र के साथ जाति प्रमाण संलग्न करना अनिवार्य होगा। कहा कि 50-60 वर्ष आयुवर्ग के महिलाओं, अनुसूचित जनजाति (ST) तथा अनुसूचित्त जाति (SC) के योग्य लाभुकों को शत-प्रतिशत योजना से आच्छादित किया जाना है। इसे लेकर सभी पंचायत व वार्ड में शिविर का आयोजन कर लाभुकों को लाभ पहुँचाया जाना है। 

शिविर का समय 12:00 बजे मध्याहन से 04:00 बजे अपराहन तक किया जाएगा। लोगों को इस योजना की जानकारी पहुँचाने के लिए वृहत पैमाने पर जिला व प्रखंड स्तर पर प्रचार प्रसार किया जा रहा है। कहा कि शिविर के सफल संचालन एवं देख रेख के लिए जिला स्तर से वरीय पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्ति किया गया है। 

शहरी क्षेत्र में 20 फरवरी से 22 फरवरी तक इन्डोर स्टेडियम, मंदिर परिसर पोखरा चौक एवं Health Wellness Center शिव पहाड़ मंदिर के निकट शिविर का आयोजन किया जाएगा।

इससे पूर्व उपायुक्त आंजनेयुलु दोड्डे ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी के साथ मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित बैठक की। बैठक में उपायुक्त ने कहा कि 20 फरवरी से 22 फरवरी तक कैम्प लगाकर सभी पंचायतों से आवेदन प्राप्त किये जायेंगे।निदेश दिया कि सभी कैम्प पर पर्याप्त संख्या में कंप्यूटर ऑपरेटर की प्रतिनियुक्ति की जाय ताकि आवेदनों का ऑनलाइन एंट्री ऑन द स्पॉट किया जा सके।

साथ ही सभी आवेदकों को आवेदन जमा करने के बाद पावती रशीद निश्चित रूप से उपलब्ध कराएं ताकि भविष्य में उनके आवेदन की ट्रैकिंग की जा सके। उपायुक्त ने कहा कि पंचायत स्तर पर प्राप्त आवेदनों का सत्यापन मुखिया एवं पंचायत सचिव द्वारा किया जाएगा एवं शहरी क्षेत्र में राजस्व कर्मचारी एवं पूर्व वार्ड पार्षद आवेदन का सत्यापन करेंगे। 

प्रखंड के वरीय पदाधिकारी अपने अपने प्रखंड के पंचायतों का निरीक्षण करेंगे। कहा कि वैसे लाभुक जिनका बैंक खाता नहीं है वैसे लाभुकों का बैंक खाता खुलवाने का कार्य बीडीओ सुनिश्चित करेंगे।

उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति-जनजाति के पुरुषों का अगर जाति प्रमाण पत्र नहीं है तो जाति प्रमाण पत्र बनाने के लिए आवेदन पंचायत स्तर पर लगे कैम्प के माध्यम से की जाय। कहा कि वैसी महिला जिनके पति को किसी सरकारी नौकरी से सेवानिवृत्त होने का बाद पेंशन मिल रहा हो अथवा वैसे पुरुष जिनकी पत्नी को सरकारी नौकरी से सेवानिवृत्त होने का बाद पेंशन मिल रहा हो वे इस योजना के लाभुक नहीं होंगे। 

इस दौरान उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को अबुआ आवास योजना के लाभुकों का शत प्रतिशत रजिस्ट्रेशन करने का निदेश दिया है।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Feb 18 2024, 21:07

दुमका : जातीय जनगणना के फैसले का ओबीसी संघर्ष मोर्चा ने किया स्वागत, कहा - आबादी के अनुरूप मिले आरक्षण

दुमका : राज्य सरकार द्वारा जातीय जनगणना कराने के फैसले का संताल परगना पिछड़ा वर्ग संघर्ष मोर्चा ने स्वागत किया है। ओबीसी संघर्ष मोर्चा ने सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य सरकार का यह निर्णय ऐतिहासिक है। 

जाति का जनगणना होने से आबादी के अनुरूप आरक्षण देने की हमारी मांग भी पूरी हो सकती है।

गौरतलब है कि बिहार की तर्ज पर झारखंड में भी जातीय जनगणना कराने के लिए मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने शनिवार को मंजूरी दे दी है। 

सीएम ने कार्मिक विभाग को इसकी जिम्मेदारी सौंपी है। चम्पाई सरकार के इस निर्णय के बाद ओबीसी संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारियों की एक बैठक केंद्रीय अध्यक्ष असीम मंडल के अध्यक्षता में रविवार को दुमका परिसदन भवन में संपन्न हुई। 

बैठक में असीम मंडल ने कहा कि सरकार का यह ऐतिहासिक निर्णय है। मोर्चा इसका स्वागत करती है। ओबीसी संघर्ष मोर्चा के जातीय जनगणना की मांग को लेकर लगातार आंदोलन कर रही थी। 

उन्होंने कहा कि आंदोलन को मुकाम तक पहुंचाने के लिए क्रमबद्ध तरीके से आंदोलन की रूपरेखा तय करेंगे।   

प्रधान महासचिव डॉ अमरेन्द्र कुमार यादव ने कहा है कि अखंड विहार में पिछड़ों को 27 % आरक्षण मिलता था लेकिन झारखंड गठन के बाद से ही राज्य की पूर्ववर्ती बाबूलाल सरकार ने पिछड़ों का आरक्षण शून्य कर दिया था। 

राज्य स्तर पर 14% आरक्षण दिया गया है लेकिन दुमका सहित 7 ऐसे जिले हैं जहाँ आरक्षण शून्य को सुनने कर दिया गया है। हेमंत सरकार ने जातिगत जनगणना कराने का घोषणा किया था।

मौजूदा चम्पाई सरकार ने जातिगत जनगणना कराने की स्वीकृति देते हुए कार्मिक विभाग को एसओपी बना कर जनगणना कराने का निर्देश जारी कर दिया है। मोर्चा सरकार को भी इसके लिए सहयोग करने का काम करेंगे। महासचिव रंजीत जायसवाल ने कहा कि ट्रिपल टेस्ट करने के बाद ही नगर निकाय का चुनाव कराया जाना चाहिए। कोषाध्यक्ष अजीत मांझी ने कहा कि पिछड़ों के साथ हमेशा भेदभाव हुआ है उसे आबादी के अनुरूप आरक्षण मिलना चाहिए उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार द्वारा पिछड़ा आरक्षण बिल को स्वीकृति देने के लिए राज्यपाल से आग्रह किया जाएगा। 

बुद्धिजीवी मंच के बिहारी यादव ने कहा कि सरकार का निर्णय स्वागत योग्य है। पिछड़ी जातियों के 50 वर्ष से ऊपर की महिलाओं को वृद्धावस्था पेंशन देने की घोषणा भी सराहनीय है। मौके पर कंचन यादव, अरुण कुमार पंजियारा और शंकर यादव सहित अन्य लोग मौजूद थे।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)।